राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग ने हाल ही में एक बड़ा फैसला लिया है।
जयपुर। राजस्थान में पंचायत क्षेत्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग ने मालपुरा, डिग्गी और लाबाहरिसिंह नगरपालिकाओं में बड़े बदलाव किए हैं। इन तीनों नगरपालिकाओं में कुछ पंचायत क्षेत्रों को शामिल कर नगर सीमा का विस्तार किया गया है, जबकि इन क्षेत्रों को पंचायत राज विभाग की सीमा से अलग कर दिया गया है।
मालपुरा नगरपालिका का विस्तार
मालपुरा नगर पालिका क्षेत्र को बढ़ाते हुए बृजलालनगर ग्राम पंचायत के संपूर्ण सीमा क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया है। इसके अलावा राजपुरा, सिंधोलिया, रीण्डलिया बुजुर्ग, टोरड़ी, डूंगरीकला, चांदसेन और देशमां जैसी कई पंचायतों के राजस्व ग्रामों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किया गया है। इन ग्रामों में हाथकी, मालियों की दोराई, धानोता, कल्याणपुरा, अबापुरा, सूईवालों की ढाणी और लक्ष्मीपुरा जैसी जगहों को जोड़ा गया है।
डिग्गी नगर पालिका में बड़ा बदलाव
डिग्गी नगर पालिका में भी सीमा विस्तार के तहत कई राजस्व ग्रामों को जोड़ा गया है। किरावल ग्राम पंचायत के कुरथल क्षेत्र, धोली ग्राम पंचायत के जयसिंहपुरा, भीपुर, कल्याणपुरा नुक्कड़, मालियों की ढाणी और मीणों की ढाणी को डिग्गी नगरपालिका का हिस्सा बना दिया गया है। इसके अलावा सोड़ा ग्राम पंचायत के बागरियों की ढाणी को भी नगरपालिका में सम्मिलित कर दिया गया है। इस पुनर्गठन के बाद ये क्षेत्र अब पंचायत प्रणाली से अलग होकर नगरपालिका प्रशासन के अधीन आ गए हैं।
लाबाहरिसिंह नगरपालिका का भी हुआ विस्तार
लाबाहरिसिंह नगरपालिका का क्षेत्र भी बढ़ाया गया है। इसमें आंटोली, देवल और बागड़ी ग्राम पंचायतों के कुछ भागों को जोड़ा गया है। सूवादियाड़ी, अडूस्या, प्राचीन चतरपुरा, दंड की ढाणी, आसनजोगियान, नवीन चतरपुरा और गणेशपुरा जैसे गांव अब लाबाहरिसिंह नगर पालिका के दायरे में आ गए हैं। पंचायत राज विभाग द्वारा इन क्षेत्रों को अपने प्रशासनिक दायरे से हटा दिया गया है, जिससे अब इनकी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी।

Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.